गोवा खबर

वेव्स फिल्म बाज़ार उत्सवपूर्ण उद्घाटन समारोह के साथ गोवा में आरंभ

Published

on

Spread the love

गोवा खबर : दक्षिण एशिया का वैश्विक फिल्म बाज़ार, वेव्स फिल्म बाज़ार, आज गोवा के पंजिम स्थित मैरियट रिज़ॉर्ट में एक प्रेरणादायक उद्घाटन समारोह के साथ आरंभ हुआ, जिसमें नेताओं, नीति निर्धारकों, फिल्म निर्माताओं और वैश्विक प्रतिनिधियों की विशिष्ट उपस्थिति रही। प्रतिष्ठित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के साथ प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले बाज़ार के 19 वें ​​संस्करण को अब वेव्स फिल्म बाज़ार के रूप में फिर से ब्रांडिंग की गई हैं। रचनात्मक और वित्तीय साझेदारी चाहने वाले फिल्मकारों, निर्माताओं, बिक्री एजेंटों, फेस्टिवल प्रोग्रामरों और वितरकों के लिए यह एक वैश्विक मिलन स्थल के रूप में कार्य करता है। यह बाज़ार 20 से 24 नवंबर तक चलेगा।

सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने अपने उद्घाटन भाषण में, वेव्स फिल्म बाज़ार को आईएफएफआई समारोह की स्वाभाविक और उपयुक्त शुरुआत बताया। उन्होंने इसे “स्क्रीनिंग, मास्टरक्लास और तकनीकी प्रदर्शनियों का एक संपूर्ण इकोसिस्‍टम” बताया और इस बात पर बल दिया कि वेव्स की नई पहचान प्रधानमंत्री के “कला को वाणिज्य में बदलने” के विजन के अनुरूप है।

उन्होंने फिल्म निर्माताओं के लिए दुनिया के पहले ई-मार्केटप्लेस को रेखांकित किया और कहा कि वेव्स “रचनाकारों और देशों को जोड़ रहा है, जिससे भारत वैश्विक सहयोग का एक मिलन स्थल बन रहा है।” उन्होंने क्यूरेटेड परियोजनाओं, नकद अनुदानों और संरचित फीडबैक प्रक्रियाओं की विस्तृत श्रृंखला का उल्लेख किया, साथ ही भारत के पहले एआई फिल्म महोत्सव और हैकाथॉन को सिनेमाई तकनीक के भविष्य को अपनाने की दिशा में आवश्यक कदम बताया।

मुख्य अतिथि, कोरिया गणराज्य की राष्ट्रीय सभा की सदस्य सुश्री जेवोन किम ने महोत्सव के पहले संस्करण से ही आयोजकों की प्रतिबद्धता और निरंतरता की सराहना की। भारत और कोरिया के बीच सक्रिय सहयोग की आशा व्यक्त करते हुए, उन्होंने वंदे मातरम का भावपूर्ण गायन भी किया, जिस पर दर्शकों ने भरपूर सराहा और खड़े होकर तालियाँ बजाईं।

सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने बाज़ार का उद्घाटन करते हुए भारत को फिल्म निर्माण के वैश्विक हब के रूप में उभरने के प्रधानमंत्री के विजन के बारे में बताया। इसे “रचनाकारों और निर्माताओं के बीच एक सेतु” बताते हुए, उन्होंने युवा आवाज़ों और नए कहानीकारों को सशक्त बनाने के लिए इस मंच की प्रशंसा की। उन्होंने इस वर्ष बाज़ार में 124 नए रचनाकारों की भागीदारी का उल्लेख किया और भारतीय संस्कृति और विषय-वस्तु को दुनिया तक पहुँचाने में इसकी भूमिका की पुष्टि की।

समारोह में अपर सचिव प्रभात ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उद्घाटन समारोह में आईएफएफआई महोत्सव के निदेशक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता शेखर कपूर, अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण और अनुपम खेर; वेव्स बाज़ार के सलाहकार जेरोम पैलार्ड; ऑस्ट्रेलियाई फिल्म निर्देशक गार्थ डेविस और एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक प्रकाश मगदुम भी उपस्थित थे, जो इस वर्ष के आयोजन में रचनात्मकता और उद्योग नेतृत्व के गतिशील संगम का प्रतीक थे।

Trending

Exit mobile version